24. करौदीकलां क्षेत्र के गांव में मकान गिरने के बाद रोते-बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : SULTANPUR
करौंदीकलां/जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। करौंदीकलां गांव के दलित बस्ती निवासी अरविंद बुधवार की रात परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह बरसात के दौरान पड़ोसी जगराम की कच्ची दीवार भर-भराकर अरविंद के मकान पर ढह गई।
इससे दीवार के समीप सो रहे अरविंद (37), पत्नी पुष्पा (36), बेटा प्रिंस (15), प्रियांशु (13) और हिमांशु (10) मलबे में दब गए। कुछ ही दूर पर सोए अरविंद के पिता मनराज और मां झामा देवी ने शोर मचाया तो गांव के लोग पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पुष्पा की मौत हो चुकी थी।
घायल अरविंद और उनके तीनों पुत्रों को सीएचसी कादीपुर में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद एसडीएम कादीपुर महेंद्र कुमार सीएचसी पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों के बारे में जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी।
कच्ची दीवार पड़ोसी के बरामदे पर गिरी, किशोर समेत तीन घायल
जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के जजरही जमालपुर गांव निवासी राम मिलन के मकान की कच्ची दीवार पड़ोसी अच्छेलाल के मकान के बरामदे पर गिर पड़ी। बरामदे में अच्छेलाल का बेटा राजन (19), राम सूरत (18) पुत्र झिनकू और शिवम (15) पुत्र राम अंजोर चारपाई पर सो रहे थे। तीनों मलबे में दब गए। चीख-पुकार के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तीनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।