आग से 150 बीघा गेहूं की फसल राख
सुल्तानपुर। जिले में शनिवार को आग और पछुआ हवा की जुगलबंदी ने जमकर कहर ढाया। खेतों में आग लगने से 150 बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। ग्रामीणों की सूचना के बावजूद फायर कर्मी मौके पर नही पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। किसानों की मानें तो आग से करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पहली घटना गोसाईगंज क्षेत्र के महिलो आशापुर, कनौली और कोहड़ा गांव की है। शनिवार को गेहूं की फसल में आग लगने से 80 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की सूचना के बावजूद फायर कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। तीन गांवों के ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह से आग पर काबू पाया। आग से शिवाकांत, बैजनाथ गुप्ता, गंगाराम, भवानीफेर, डब्लू वर्मा, बब्बन, शीतला शर्मा, बाबूलाल, चैतू, संतराम, जोखू जायसवाल, चंद्र प्रकाश, गुलाबचंद, शोभनाथ, गिरिजाशंकर, रमाकांत, बब्लू शर्मा की फसल जल गई।
दूसरी घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अभियाकलां गांव की है। गांव में आग लगने से करीब 60 बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। तीसरी घटना जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के टेंहसा गांव की है। शनिवार को आग लगने से करीब 10 बीघा गेहूं की फसल जल गई। आग से टेंहसा गांव के जगदीश यादव, दरगाही, दर्शन और खेमपुर निवासी विजय कनौजिया की फसल को नुकसान हुआ है।