मवेसुल्तानपुर। दुर्गापुर के पास बुधवार की देर शाम एक दंपती एक मवेशी को बचाने में अनियंत्रित होकर सड़क पर बाइक समेत पलट गया। हादसे में घायल दंपती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया।
अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के दरपीपुर गांव निवासी राकेश श्रीवास्तव बुधवार की देर शाम पत्नी ज्योत्सना के साथ बाइक से सुल्तानपुर की ओर आ रहे थे। बाइक रास्ते में स्थित दुर्गापुर के पास पहुंची थी तभी एक मवेशी अचानक सड़क पर आ गया। मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर ही पलट गई।
दुर्घटना में राकेश और ज्योत्सना गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल दंपती को जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ज्योत्सना को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल राकेश श्रीवास्तव ने हेलमेट पहना हुआ था। परिवारीजन शव को लेकर घर चले गए हैं। ज्योत्सना की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। (संवाद)