सुल्तानपुर। जिले की स्वॉट व कादीपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को हत्या व लूट की कई घटनाओं में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी के दोस्त ने करीब दो माह पूर्व बाइक का हॉर्न बजाने से चिढ़कर एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
दोस्तपुर में पिछले दिनों हुई बैंक फ्रेंचाइजी के यहां लूट व हत्या में शामिल शातिर अपराधी अंबुज यादव निवासी अमरेथू डडिया कोतवाली कादीपुर की गिरफ्तारी के लिए एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिले की स्वॉट टीम के साथ ही कादीपुर कोतवाली पुलिस को लगाया गया था। बुधवार को स्वॉट टीम और कादीपुर कोतवाल शिव बालक ने कोतवाली नगर क्षेत्र के दीवानी मोड़ के पास से अंबुज यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा व कारतूस मिला।
सीओ कादीपुर कृष्णकांत सरोज ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 27 जून 2021 की रात में वह अपने दो अन्य साथियों के साथ लूट करने निकला था। रास्ते में अखंडनगर थाना क्षेत्र के उड़री गांव के समीप एक बाइक सवार उनकी बाइक को ओवरटेक करके बार-बार हॉर्न बजा रहा था। उसे रोककर दो तीन थप्पड़ मारा गया था। इसके बाद वे आगे बढ़ गए, लेकिन पिटाई से आहत युवक ने दोबारा उन्हें ओवरटेक किया और उनकी बाइक को रोककर गाली दे रहा था। तभी उनके साथी ने युवक को गोली मार दी थी। सीओ ने बताया कि गोली लगने से घायल राकेश (37) पुत्र दयाराम निवासी संसारपुर थाना दोस्तपुर की उपचार के दौरान लखनऊ में मौत हो गई थी। इसके साथ ही इस गिरोह ने दोस्तपुर व कादीपुर में कई लूट व हत्याएं की हैं। आरोपी पर जिले के कई थानों में 19 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।