रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट पर दूसरे दिन भी नामांकन का खाता नहीं खुल सका। कोई दावेदार टिकट लेने भी नहीं पहुंचा। उधर, दुद्धी विधानसभा के उपचुनाव के लिए बसपा उम्मीदवार के रूप में रवि सिंह खरवार ने दो सेट में नामांकन पत्र लिया। दोनों सीटों पर दो दिनों में 18 दावेदारों ने 39 सेट में पर्चा लिया है, लेकिन अभी तक कोई नामांकन नहीं हुआ है। बृहस्पतिवार से नामांकन की शुरुआत होने की संभावना जताई जा रही है।
लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर में चल रही है। दोनों सीटों के लिए अलग-अलग नामांकन कक्ष बनाए गए हैं। पहले दिन लोकसभा सीट के लिए 13 दावेदारों ने 23 सेट पर्चा खरीदा था। दूसरे दिन कोई नामांकन पत्र लेने भी नहीं पहुंचा। पूरे दिन परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। गेट पर भारी सुरक्षा के चलते आम लोग उस ओर जाने से बचते रहे। दूसरी ओर दुद्धी विधानसभा उपचुनाव के लिए पहले दिन भाजपा, भाकपा सहित चार दावेदारों ने 14 सेट में पर्चा लिया था। बुधवार को बसपा प्रत्याशी रवि सिंह खरवार ने भी दो सेट में पर्चा प्राप्त किया। वह 10 मई को नामांकन कर सकते हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी की अंतिम दो दिनों में नामांकन करने की तैयारी है।