पिपरी व हाथीनाला थाना क्षेत्र में जाम के कारण बुधवार को दिन भर लोग परेशान रहे। बुधवार की भोर से शुरू हुआ जाम देर शाम तक चलता रहा। हाल यह रहा कि अनपरा से रेणुकूट के बीच 30 किमी की दूरी 13 घंटे में पूरी हुई।
सुबह करीब चार बजे अनपरा की ओर से कोयला लेकर आ रही ट्रक मकरा गांव के समीप सड़क पर पलट गई, जिससे जाम लग गया। काफी प्रयास के बाद पिपरी पुलिस ने सुबह लगभग 10 बजे जब वाहन को हटाया तब तक धीरे-धीरे वाहन आगे बढ़े। जब तक जाम खुलता तब पिपरी थाने के समीप एक वाहन मुख्य मार्ग पर खराब हो गया। नतीजा फिर से जाम लग गया। वाहनों की कतार लंबी होती चली गई। जाम के कारण हाथीनाला के पहले ही रेणुकूट की ओर आ रहे वाहनों को रोक दिया गया था।
जब मकरा की ओर जाम खुला तो एक वाहन हाथीनाला और मुर्धवा के बीच में पलट गया। इससे फिर जाम लग गया। ट्रक संचालक राजेश तिवारी ने बताया कि उनका वाहन अनपरा से रात्रि में एक बजे चला था, जो बुधवार की शाम पांच बजे नगर में पहुंचा। वाहन का बुधवार को आरटीओ कार्यालय में फिटनेस कराना था मगर वाहन पहुंच ना सका, जिससे उसका फिटनेस फेल हो गया। इसके अलावा भी लोगों को जाम के कारण काफी परेशानी हुई।