दुद्धी कस्बे में एक बाइक शोरूम के समीप बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे गैस सिलिंडर में रिसाव से एक घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से मां-बेटे झुलस गए। सीएचसी पर प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कस्बा निवासी जगत नारायण सोनी की पत्नी शीला देवी (57) बुधवार की शाम घर में चाय बनाने के लिए गैस जला रही थी। रिसाव के चलते आग लग गई। शीला की साड़ी आग की चपेट में आ गई। चीख सुनकर पुत्र संतोष कुमार (30) बचाने दौड़ा तो वह भी चपेट में आ गया। छोटे पुत्र धीरज कुमार ने पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। संतोष की चार वर्षीय पुत्री भी आंशिक रूप से जल गई। गंभीर रुप से झुलसे मां-बेटे को दुद्धी सीएचसी ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शीला का चेहरा, दोनों हाथ और कमर के ऊपर का हिस्सा झुलसा है, जबकि धीरज के दोनों हाथ व गला आग की चपेट में आए।