कोतवाली क्षेत्र के खजुरौल गांव में रविवार सुबह जमीनी विवाद में हुई मारपीट में मां-बेटी समेत चार लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुटी है।
खजुरौल गांव निवासी राम जियावन (54), उसकी पत्नी रूपवंती देवी (50), पुत्री श्वेता कुमारी (22) और पुत्र आनंद कुमार (14) को पुलिस ने घोरावल सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया। रामजियावन के बड़े पुत्र धीरज ने बताया कि गांव में उसके पिता की जमीन है, जिस पर विपक्षियों ने आवास बना लिया है। विवादित भूमि पर स्थगनादेश है। ग्राम प्रधान की सहमति पर वहां जबरदस्ती बोरिंग का काम कराया जा रहा था। रविवार सुबह बोरिंग होने के दौरान विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक देवतानंद सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर संपूर्ण प्रकरण की जांच की जा रही है।