सीतापुर। पुलिस और प्रशासन की टीम ने गैंगस्टर के आरोपी एक भूमाफिया की आपराधिक कृत्यों से कमाई करीब सात करोड़ की संपत्ति जब्त की है। बृहस्पतिवार को डुग्गी पिटवा कर यह कार्रवाई की गई है। सीओ सिटी पियूष कुमार ने बताया कि शहर कोतवाली इलाके के मोहल्ला लक्ष्मी मार्केट निवासी रमन साहनी शातिर अपराधी, जालसाज, भूमाफिया व गैंगस्टर का आरोपी है।
गिरोह बनाकर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी करके दूसरों की जमीन पर कब्जा करना आरोपी का पेशा है। जिसके खिलाफ शहर कोतवाली में गैंगस्टर सहित लगभग डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएम के आदेश के बाद आरोपी के कृत्यों पर रोक लगाने के लिए राजस्व/पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब नौ जमीनों को जब्त किया है। जिनकी कीमत सात करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आगे भी कार्रवाई चलती रहेगी।
नैपालापुर में ये संपत्तियां हुईं जब्त
कितनी भूमि किसके नाम कीमत
0.063 हेक्टेयर रमन साहनी के नाम 40 लाख
0.042 हेक्टेयर पत्नी के नाम 12 लाख
0.445 हेक्टेयर नौकर के नाम कीमत एक करोड़ 80 लाख
0.263 हेक्टेयर नौकर के नाम एक करोड़ 10 लाख
0.071 हेक्टेयर नौकर के नाम 28 लाख
0.050 हेक्टेयर नौकर के नाम 20 लाख
0.250 हेक्टेयर नौकर के नाम 70 लाख
0.1870 हेक्टेयर भांजे के नाम 40 लाख
नोट- 0.597 हेक्टेयर भूमि रमन साहनी ने बैनामा से लिए एक करोड़ 10 लाख रुपये
1.04 करोड़ की संपत्ति हुई जब्त
सीतापुर। सिधौली पुलिस ने डीएम के आदेश पर गैंगस्टर के आरोपी की एक करोड़ चार लाख सत्तर हजार रुपये की संपत्ति को जब्त किया है। इंस्पेक्टर आलोक मणि ने बताया कि इलाके के गांव अकोहरा निवासी इसरार गैंगस्टर का आरोपी है। जो एक गिरोह बनाकर गोकशी का अपराध करता है। आरोपी की आय का कोई ज्ञात स्रोत नहीं था। उसके पास इतनी पैतृक संपत्ति नहीं थी, जिसकी आमदनी से वह इतने कम समय में जमीन, भवन खरीद सके। विवेचना के बाद डीएम को रिपोर्ट दी गई। आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है। आरोपी की ग्राम अकोहरा में 1.2827 हेक्टेयर भूमि जिसकी कीमत 71 लाख 70 हजार रुपये, पक्का मकान 33 लाख रुपयेको जब्त किया गया है।