सीतापुर के सदरपुर इलाके में युवक की हत्या के बाद विलाप करते परिजन। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सदरपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात खेत गए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके पिता ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के लोनियनपुरवा मजरा शमशाबाद गांव निवासी सुवेश कुमार (22) गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे घर से पूरब-दक्षिण दिशा की ओर स्थित अपने खेत में लगी धान की नर्सरी को देखने गया था। काफी देर तक वापस न आने पर घर वालों ने खोजबीन शुरू की। देर रात जब परिजन खेत पहुंचे तो सुवेश का शव लहूलुहान हालात में लोनियन पुरवा-सिहरु खेड़ा मार्ग के किनारे स्थित खेत के पास में पड़ा मिला। सुवेश के दाहिनी कनपटी पर गोली लगी थी।
हत्या की सूचना मिलते काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे। परिजनों ने घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला मुख्यालय भेज दिया है। पिता ने बताया कि गांव के ही एक युवक की बहन से मृतक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी जब युवती के भाई को हुई तो वह 30 जून को घर आकर धमकी देकर गया था। इसके बाद आरोपी ने बृहस्पतिवार रात उसके बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग का मामला लगता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
युवक और प्रेमिका दोनों का हो चुका है विवाह
मृतक सुवेश के पिता की मानें तो प्रेम प्रसंग काफी पुराना था। करीब ढाई साल पहले सुवेश का विवाह हो चुका था। इसके बाद उसकी प्रेमिका का विवाह एक साल पहले हुआ था। विवाह के बाद उसकी प्रेमिका अपने घर आई हुई थी। इसके बाद कई बार सुवेश की उससे मुलाकात भी होना बताया जा रहा है। इस बात का विरोध प्रेमिका के भाई ने करते हुए धमकियां भी दी थीं।
आरोपी गिरफ्तार
नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला प्रेम प्रसंग का होना सामने आया है। इसके अलावा कुछ पैसे के लेनदेन की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। -रविशंकर प्रसाद, सीओ महमूदाबाद