रेउसा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में सरकारी गल्ले से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने शुक्रवार को तीन साल की मासूम बच्ची को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मासूम अपने मौसा के घर जाने के लिए निकली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है।
शुक्रवार को क्षेत्र के खुरवलिया निवासी लाची (3) पुत्री केशव राम विश्वकर्मा अपने घर से पड़ोस में बने मौसा गोवर्धन के घर जा रही थी। इसी बीच रेउसा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसको रौंद दिया। इससे मौके पर ही मासूम बच्ची की मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे ले लिया और थाने ले गई। एसओ रेउसा अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांचकर कार्रवाई की जा रही है।