इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र का मामला, लाश की नहीं हो सकी शिनाख्त
सीतापुर। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में तालाब के किनारे पड़ा मिला है। स्थानीय नागरिक घटना को लेकर हत्या का संदेह जता रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढोलईकलां के कुछ ग्रामीण बुधवार को गांव के बाहर तालाब की तरफ गए। इसी बीच उन्होंने तालाब के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। खबर फैलते ही गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मरने वाला व्यक्ति आसपास क्षेत्र का निवासी नहीं है। यही वजह है कि शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने संदेह जताया है कि अज्ञात हत्यारों ने हत्या करने के बाद शव को तालाब के किनारे फेंका है। मृतक के शरीर पर महज एक जांघिया पाई गई है।
उसकी उम्र 40 वर्ष के करीब बताई गई है। वह कौन है, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह रहस्य बना हुआ है। थानाध्यक्ष राय साहब द्विवेदी ने बताया कि घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हत्या की पुष्टि होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।