वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के खुनुवां मार्ग पर स्थित गनचौरा गांव के पास सोमवार को पैदल जा रहा युवक वाहन की चपेट में आ गया। उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शोहरतगढ़ कस्बे के वार्ड नंबर एक अंबेडकर निवासी शकील (25) पुत्र उमर कस्बे से पैदल निकलकर खुनुवां मार्ग पर खुनुवंा की तरफ जा रहे थे। जैसे ही गनचौरा गांव के पास पहुंचे कि पीछे से आए वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह सड़क पर करीब आधा घंटा पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने उनको शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत शोहरतगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक आरबी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वाहन की तलाश की जा रही है।