श्रावस्ती। जिले के सभी मतदेय स्थलों का स्थलीय भ्रमण सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद ही मतदान केंद्रों पर मौजूद आधारभूत व मूलभूत सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार कर भेजी जाए। निरीक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की मंशानुसार सभी मतदेय स्थलों पर आने जाने के लिए रास्ता, मतदेय स्थल की बाउंड्रीवाल, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं दिव्यांगजनों को मतदान करने में कोई दिक्कत न होने पाए की व्यवस्था को जरूर परखा जाए। यह निर्देश रोल प्रेक्षक व मंडलायुक्त एसवीएस रंगाराव ने दिया। वह सोमवार को जिले में संचालित मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक भी की। देवीपाटन मंडल के रोल प्रेक्षक व आयुक्त ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्यापन कार्य के दौरान संबंधित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से भी मतदान केंद्रों से जुड़ी समस्या के बारे में जानकारी मांगते हुए इसे दूर कराने का सुझाव अवश्य मांगा जाए। इस मौके पर मौजूद जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम नेहा प्रकाश ने बताया कि जिले में कुल 779711 मतदाता है। इनमें से 416745 पुरुष व 362941 महिला मतदाता है। पुनरीक्षण अभियान के दौरान नाम बढ़ाने के लिए 33009 फार्म 06 आवेदन मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 12328 फार्म 7, 477 फार्म 8 तथा 596 फार्म-8 ए प्राप्त हुए है।
वर्तमान समय में जिले का ईपी रेशियो 58.12 प्रतिशत तथा जेंडर रेसियो 878.14 पाया गया। इस मौके पर आयुक्त ने प्राप्त फार्म 6, 7 एवं 8 के डाटा इंट्री को आयोग द्वारा नियत समय के अंतर्गत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने पुनरीक्षण अभियान की सफलता के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी समेत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय लोक दल के जिलाध्यक्ष, सपा के नगर अध्यक्ष अन्य अधिकारी मौजूद रहे।