कांधला। गांव मतनावली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बाहर गंदगी जमा होने पर विद्यार्थी दूषित वातावरण में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर है। अभिभावकों ने डीएम से समस्या के समाधान की मांग की है।
ब्लॉक कांधला के गांव मतनावली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में करीब 120 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं । जिसमें गांव किवाना के विद्यार्थी भी यहां पढ़ते हैं। स्कूल के बाहर लंबे समय से गंदगी का ढेर लगा हुआ है। जिसमें आसपास का वातावरण पूरी तरह से दूषित रहता है। स्कूल के सामने गंदगी जमा होने के कारण मच्छर भी पैदा हो गए हैं। जिसके कारण विद्यार्थियों मे बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। बार-बार शिकायत के बाद भी इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
गांववासी रविंद्र, कंवरपाल, हेवन और बिट्टूू का कहना हैं कि कई बार थाना दिवस, ब्लॉक में शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। यहां एक बार सफाई कराई गई थी। लेकिन प्रशासन के ढुलमुल रवैया के कारण दोबारा कूड़े का ढेर लगा दिया गया है। स्कूल के बाहर गंदगी जमा होने से पानी को निकासी ना होने से गंदा पानी भी जमा हो रहा है । जिससे मच्छर पनप रहे हैं।
ग्राम प्रधान रविंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व में यहां पड़े गंदगी के ढेर को साफ करा दिया गया था। लेकिन दोबारा लोगों ने यहां पर कूड़े के ढेर को जमा कर दिया है। सभी को चेतावनी दी गई है अगर यहां से जल्द कूड़ा डालना बंद नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक हिमांशु ने बताया कि सार्वजनिक रूप से गांव में एनाउंसमेंट कराया जाएगा। उसके बावजूद भी यहां पर किसी ग्रामीण ने गंदगी फैलाई तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।