कैराना में नव निर्मित रोडवेज बस अड्डे का निरीक्षण करते मेरठ रोडवेज के सहायक अभियन्ता व जेई
- फोटो : SHAMLI
कैराना को मिली बस स्टैंड की सौगात
शामली, कैराना। दो साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कैराना वासियों को रोडवेज बस अड्डे की सौगात मिल ही गई। कांधला तिराहे पर नवनिर्मित रोडवेज बस स्टैंड पर 24-24 घंटे की शिफ्ट में दो-दो कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी गई है। एक दिन में कैराना से करीब 20 बसें अपने गंतव्य पर जाती हैं, जिसमें पहली बस सेवा सुबह साढ़े छह बजे आगरा के लिए है।
जनवरी 2019 में तत्कालीन एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा ने छड़ियान के मैदान में नगर पालिका की खाली पड़ी जमीन पर रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण की पहल की थी। इसके बाद नगर पालिका ने यह जमीन रोडवेज को दे दी थी, लेकिन बीच में कुछ समस्याएं आने के कारण रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण में देरी हुई। सोमवार को मेरठ रोडवेज के सहायक अभियंता प्रमोद कुमार व जेई आरपी सिंह ने कैराना रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण किया। सहायक अभियंता ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड पर पुताई का कार्य पूरा हो गया है। यहां पर शौचालय, पेयजल व बिजली की व्यवस्था कर दी गई है। 24-24 घंटे की शिफ्टों में बस अड्डे पर दो-दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो यात्रियों को जानकारी देने के साथ ही बसों के आने व जाने का समय नोट करेंगे। रोडवेज बस स्टैंड पर तैनात कर्मचारी सुरेंद्र सिंह व कृष्णपाल ने बताया कि यहां से सुबह साढ़े छह बजे बाया मेरठ होती हुई सीधी बस आगरा के लिए जाती है। दोपहर 12 बजे बाया बड़ौत लोनी मोड़ के लिए बस सेवा है। सुबह आठ बजे बाया मुजफ्फरनगर काठगोदाम की बस सेवा व 45 मिनट के अंतराल पर मुजफ्फरनगर की बस सेवा शुरू की गई है। एक दिन में करीब 20 बसें रोडवेज बस स्टैंड से प्रस्थान करती है।