शामली। शहर में आतिशबाजी के दौरा प्राइवेट बस स्टैंड पर तीन खोखों में लाग लगने से हजारों का नुकसान हुआ है। उधर, दुकान की तीसरी मंजिल पर आतिशबाजी से आग लगने की घटना हुई।
छोटी दीपावली पर बुधवार रात करीब 11 बजे विजय चौक के निकट प्राइवेट बस स्टैंड पर रखे मोटर मैकेनिकों के तीन खोखों में आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग गई। आग लगने पर आसपास के लोगों ने दमकल विभाग व पुलिस को सूचना दी। दमकल की गाड़ी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के प्रभारी ने बताया कि आग से राजेंद्र, शहीद निवासी काजीवाड़ा शामली व शमीम निवासी झिंझाना के लकड़ी के खोखे में आग लगी है। आग से खोखों में रखा इस्तेमाल किया हुआ मोबिल ऑयल व अन्य सामान जला है। खोखा मालिकों की तरफ से अभी नुकसान की जानकारी नहीं दी गई है। उधर, दीपावली पर बृहस्पतिवार रात में लाल सिंह मार्केट के निकट दिल्ली रोड पर राजेंद्र सिंह की प्लाइवुड की दुकान की तीसरी मंजिल पर आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग गई। सूचना पर दमकल की गाड़ी ने आग बुझाई।
---
रुई के गोदाम में लगी आग
कैराना। मोहल्ला आलकला कलस्यान चौपाल के पीछे महिला आमना का रजाई भरने का कारखाना हैं। मकान में ही महिला ने रुई का गोदाम बना रखा था। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक रुई के गोदाम में आग लग गई। जिसके बाद धुआं उठता देख मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तथा आग पर पानी डालकर आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझ पाई। जिसके बाद सूचना पर फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तथा आग पर पानी डालकर आग बुझाई गई। महिला ने बताया कि उसके गोदाम में पांच बोरे देसी रूई, पांच बंडल पैकिंग रूई तथा 12 बिस्तर तैयार थे। जो आग लगने के कारण जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। संवाद