शाहजहांपुर। बरेली से लखनऊ के लिए चली गाड़ी संख्या 05044 काठगोदाम-लखनऊ सुपरफास्ट में गार्ड नशे की हालत में मिला। इससे गार्ड के खिलाफ चार्जशीट जारी कर दी गई है। रोजा रेलवे स्टेशन पर गार्ड का मेडिकल परीक्षण कराया गया। वहां से दूसरे गार्ड को ट्रेन के साथ भेजा गया।
मंगलवार को 05044 काठगोदाम लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस में बरेली से गार्ड सीपी सिंह रवाना हुए। यह ट्रेन बरेली से चलकर सीधे लखनऊ रुकती है। रास्ते के स्टेशनों पर गार्ड ने हरी झंडी स्टेशन मास्टर को नहीं दिखाई, जिसकी सूचना कंट्रोल को दी गई। कंट्रोल के निर्देश पर मंगलवार शाम 4:30 बजे ट्रेन को रोजा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर रोका गया। यहां रेलवे के सीएमओ डॉ. संजय राय ने गार्ड का मेडिकल परीक्षण किया। उन्होंने ब्लड सैंपल लेकर मंडल मुख्यालय भेजा है। रोजा में मेडिकल होने के बाद दूसरे गार्ड की ड्यूटी ट्रेन पर लगाई गई। दूसरा गार्ड ट्रेन को लेकर 4:40 बजे रोजा से रवाना हो गया।
कंट्रोल के आदेश पर 05044 काठगोदाम-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस के गार्ड का रोजा स्टेशन पर मेडिकल परीक्षण किया। उसका ब्लड सैंपल लेकर मंडल मुख्यालय मुरादाबाद भेज दिया है। - डॉ. संजय राय, सीएमओ, उत्तर रेलवे हेल्थ यूनिट रोजा
05044 काठगोदाम लखनऊ एक्सप्रेस के गार्ड को चार्जशीट दे दी गई है। निरीक्षण के दौरान गार्ड नशे की हालत में पाए गए थे। उनकी जगह रोजा से दूसरे गार्ड को ट्रेन लेकर आगे के लिए भेजा गया है।
- नवीन कुमार, डिविजनल ऑपरेटिंग मैनेजर, मंडल मुख्यालय मुरादाबाद