शाहजहांपुर में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने जाते उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट के व्यापारी। संवा
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी व्यापारी नेता अशोक गुप्ता के साथ पनीर विक्रेता ने मारपीट कर दी। आरोप है कि सदर पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई, लेकिन कुछ देर के बाद छोड़ दिया। मामले मेें उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के शिष्टमंडल ने एसपी एस. आनंद से मुलाकात कर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया कि बुधवार रात व्यापार मंडल के नगर मंत्री अशोक गुप्ता टहलने के लिए निकले थे। सदर बाजार में ई-रिक्शा चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस पर उन्होंने रिक्शा चालक से आपत्ति दर्ज कराई तो उसने धमका दिया। इस बीच पनीर का ठेला लगाने वाला युवक दो लोगों के साथ आया। उन्होंने अशोक गुप्ता के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
अशोक गुप्ता किसी तरह जान बचाकर एक दुकान में घुस गए। आरोपी भी दुकान में घुस आए। दुकान मालिक गोपाल टंडन के विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। पीड़ित ने तुरंत ही सदर बाजार थाने में सूचना दी। पुलिस आरोपियों को साथ ले आई। व्यापारियों का आरोप है कि कुछ देर के बाद ही आरोपियों को छोड़ दिया। पीड़ितों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की एसपी के सामने उठाई। ज्ञापन देने वालों में सुरेंद्र सेठ, उवैस हसन खां, राम किशोर वर्मा, महेंद्र कुमार, दीपक ओमर, मोहम्मद इकबाल खां, राजेश मोहन टंडन आदि शामिल रहे।