शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे पर बंद पड़े टोल प्लाजा के पास 31 मार्च को आठ ट्रकों का चालान करने के बाद जनपद के खनन निरीक्षक ट्रांसपोर्टरों के निशाने पर आ गए हैं। आरोप है कि ट्रकों का चालान निरस्त कराने को लेकर खनन निरीक्षकों को धमकाया जा रहा। खनन निरीक्षक गोविंद कृष्ण मौर्या के मुताबिक, उनकी गाड़ी को ट्रक से उड़वाने की धमकी दी गई। शनिवार को उनके कार्यालय में पहुंचकर कुछ ट्रांसपोर्टरों ने अभद्रता की। एडीएम से शिकायत की गई।
31 मार्च को जिला खनन निरीक्षक गोविंद कृष्ण मौर्या ने लखनऊ-दिल्ली नेशल हाईवे पर एक गिट्टी लदे ट्रक को रोककर ओवरलोड में चालान कर दिया था। इस कार्रवाई से भड़के स्थानीय व्यापारियों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए ग्वालियर से आने वाले ट्रकों को रोक लिया था। आरोप था कि ग्वालियर के ट्रकों का चालान नहीं किया जाता है। इस बीच पहुंचे खनन निरीक्षक गोविंद कृष्ण मौर्या से व्यापारियों की जमकर नोकझोंक भी हुई थी। व्यापारियों के विरोध के चलते बाहरी आठ ट्रकों का ओवरलोड में चालान किया था। इस मामले में नया मोड़ आ गया। शनिवार को कुछ ट्रांसपोर्टरों ने खनन निरीक्षक के कार्यालय में पहुंचकर हंगामा कर दिया।
गोविंद कृष्ण मौर्या ने कार्यालय में घुसकर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए एडीएम को पूरे मामले की जानकारी दी है। उनके दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। इसमें खनन अधिकारी कह रहे हैं कि एक ट्रांसपोर्टर ने उन्हें बरेली मोड़ पर आने पर गाड़ी को ट्रक से उड़वा देने की धमकी दी है। यह मामला प्रशासन के अधिकारियों के संज्ञान में आ गया। हालांकि, अभी पुलिस तक मामला नहीं पहुंचा है।
हाईवे पर वाहनों का नियम के अनुसार चालान किया गया था। अब कुछ ट्रांसपोर्टर हमें धमका रहे हैं। मेरे कार्यालय में आकर ट्रांसपोर्टरों ने अभद्रता भी की है। इस मामले में एडीएम रामसेवक द्विवेदी को सूचना दे दी है। डीएम के संज्ञान में मामले को डाला जाएगा। राजनीतिक दबाव भी बनाया जा रहा है। -गोविंद कृष्ण मौर्या, खनन निरीक्षक
-यह मामला अभी पूरा जानकारी में नहीं है। खनन निरीक्षक की ओर से तहरीर आने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। -एस. आनंद, एसपी