मीरानपुर कटरा। हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर वाहन चालकों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार रात गलत दिशा से आ रहे ट्रक की वजह से जाम लग गया। इससे क्रॉसिंग पर पूरी रात और बुधवार दोपहर तक वाहनों का आवागमन ठप रहा। इससे वाहन चालकों को करीब 16 घंटे तक जाम से जूझना पड़ा। पुलिस ने एक दिशा के वाहन निकालवाए तब कहीं जाकर जाम से छुटकारा मिल सका।
हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या लाइलाज हो गई है। यहां कभी रास्ते में खराब होने वाले वाहन से तो कभी रेलवे ट्रैक से ट्रेनों के जल्दी-जल्दी निकलने से क्रॉसिंग के बंद होने से जाम लग रहा है। ऐसे में हाईवे से सफर करने वालों को क्रॉसिंग पर आकर भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। यही नहीं, क्रॉसिंग के दोनों ओर सड़क पर काफी बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। उनमें फंसकर आए दिन ट्रक खराब होते रहते हैं।
मंगलवार को भी एक ट्रक चालक अपना वाहन निकालने के लिए उसे गलत दिशा से क्रॉसिंग के सामने ले आया। इससे रात करीब दस बजे से वहां जाम लगना शुरू हो गया। रात गहराने तक हाईवे पर क्रॉसिंग के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने रात में जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन उसमें कामयाबी नहीं मिल सकी। बुधवार सुबह थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी फोर्स के साथ जाम खुलवाने क्रॉसिंग पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने हाईवे की एक दिशा से वाहनों को निकलवाना शुरू किया। दोपहर करीब दो बजे जाम से राहत मिल सकी। इस बीच, नगर के मुख्य चौराहे के निकट सर्विस रोड पर सुबह करीब नौ बजे गड्ढ़ों में फंसकर ट्रक पलट गया। इस वजह से चौराहे पर करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने ट्रक हटवाकर रास्ता साफ कराया।
सांसद ने 21 को दिल्ली तलब कराए अधिकारी
शाहजहांपुर। सांसद अरुण कुमार सागर ने नई दिल्ली में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल से भेंटकर अपने संसदीय क्षेत्र की रेलवे संबंधी समस्याओं, विशेषकर हुलासनगरा क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से अवगत कराया। रेल महाप्रबंधक ने सांसद के अनुरोध पर लखनऊ व बरेली के संबंधित अधिकारियों को 21 अक्तूबर को नई दिल्ली के केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में तलब किया है। सांसद के अनुसार उन्होंने रेल महाप्रबंधक को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर वाटर कूलर, तेल टंकी से स्टेशन की ओर जाने वाले करीब एक किलोमीटर लंबे जर्जर मार्ग को बनवाने, टिकट घर के अभाव आदि समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान सांसद अरुण कुमार सागर ने महाप्रबंधक को हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग की समस्याओं से भी अवगत कराया। इस पर महाप्रबंधक गंगल ने लखनऊ से एनएचएआई के आरओ और बरेली से पीडी समेत रेलवे के अन्य अधिकारियों को 21 अक्तूबर को शाम चार बजे दिल्ली स्थित राजमार्ग मंत्रालय में पूछताछ के लिए तलब किया है।