शाहजहांपुर में एक शोहदे ने छात्रा की इंस्टाग्राम आईडी से उसके फोटो ले लिए। इसके बाद छात्रा के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई। उसकी तस्वीरों से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अपलोड कर दिया।
शाहजहांपुर में एक युवक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। उसने कक्षा नौ की छात्रा के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई। इसके बाद छात्रा का फोटो लगाकर अश्लील गाने के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी। बदनामी की वजह से छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
निगोही थाना क्षेत्र के मोहल्ला निवासी व्यक्ति की 13 वर्षीय बेटी कक्षा नौ में पढ़ती है। इंस्टाग्राम पर उसकी आईडी से आरोपी ने उसके फोटो ले लिए और उसके नाम से मिलती-जुलती फर्जी आईडी बना ली। इस पर उसके फोटो के साथ अश्लील गाना लगाकर रील बना दी। किशोरी को जानकारी हुई तो वह गुमसुम रहने लगी। परिजन ने पूछा, तब उसने पूरी जानकारी दी।
पिता ने निगोही थाने में तहरीर देकर बताया कि आईडी पर अश्लील कमेंट्स आने और समाज में बदनामी होने की वजह से बेटी ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। थाने में कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। साइबर सेल की मदद से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।