रोजा स्थित नमकीन फैक्टरी के तेल टैंक में लगी आग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के अटसलिया में स्थित एक नमकीन फैक्टरी के तेल टैंक में शनिवार को आग लग गई। सूचना पर तीन दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
अटसलिया गांव में वीके होम सैल्यूशन के नाम से नमकीन फैक्टरी है। शनिवार दोपहर करीब दो बजे फैक्टरी की चौथी मंजिल पर स्थित एक यूनिट पर तेल टैंक में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वहां पर काम कर रहे मजदूर भाग गए। कर्मचारियों की सूचना पर अग्निशमन कार्यालय से आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों को भेजा गया। आग काफी फैल गई थी। इसके बाद रिलायंस थर्मल पॉवर से दमकल वाहन मंगाया गया।
दमकल की तीन गाड़ियों से आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रहा कि कोई भी मजदूर आग की चपेट में नहीं आया। आग लगने के बाद फैक्टरी के गेट को बंद कर दिया गया। फैक्टरी संचालक विनय अग्रवाल ने बताया कि जिस समय आग लगी थी उस समय वह फैक्टरी में नहीं थे, लेकिन दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। कोई मजदूूर चपेट में नहीं आया।
उनके पास फायर सेफ्टी के सारे इंतजाम हैं। सभी कागजात पूरे हैं। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी रेहान अली ने बताया कि आग लगने की सूचना पर गाड़ियों को भेजा गया था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर सेफ्टी के इंतजाम देखे जा रहे हैं।