जैतीपुर। जैतीपुर थाना क्षेत्र के बझेड़ा भगवानपुर गांव में शुक्रवार सुबह राशिद ने अपनी पत्नी रुखसाना (28) की फरसा से प्रहार कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद से राशिद भागा हुआ है। रुखसाना के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। रुखसाना के तीन बच्चों की परवरिश के लिए मायके वाले तैयार नहीं हैं। ऐसे में बच्चों के भविष्य पर संकट नजर आ रहा है।
तिलहर क्षेत्र के सितारगंज मोहल्ले की रहने वाली रुखसाना का निकाह राशिद से नौ साल पहले हुआ था। दोनों के तीन बच्चे निशा (7), मंतिशा (5) और एक साल का बेटा बिलाल है। राशिद और रुखसाना का अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे झगड़े के बाद राशिद ने रुखसाना के सिर, हाथ और माथे पर फरसा से प्रहार किए थे। तीन घंटे तड़पने के बाद रुखसाना की घर पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद राशिद घर से भाग गया था। रुखसाना के भाई नबील ने पति राशिद, सास सेगम, ससुर मुन्ने, देवर जाहिद और जावेद, राबिना पत्नी जाहिद के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस राशिद की तलाश कर रही है।
भाई नबील ने बताया कि बच्चों की देखरेख करने वाला कोई नहीं है। वे लोग खुद काफी गरीबी में जीवन यापन कर रहे हैं। वे लोग बच्चों का पालन-पोषण करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अब बच्चों का क्या होगा। दहेज हत्या में राशिद के परिवार के लगभग सभी सदस्य आरोपी बनाए गए हैं। ऐसे में उनके जेल जाने की स्थिति में छोटे-छोटे बच्चों की परवरिश का संकट खड़ा हो गया है।
नबील के मुताबिक उसकी मां का एक्सीडेंट हो गया था। चार दिन पूर्व नबील अपनी बहन को बुलाने आया था। नबील ने बताया कि बहन भी जाना चाहती थी, लेकिन राशिद व उसके परिवार वालों ने नहीं जाने दिया। कहा कि पांच दिन बाद ले जाना। तब तक मामला भी शांत हो जाएगा और धान की फसल की कटाई भी हो जाएगी। नबील को अंदाजा भी नहीं था कि उसे दोबारा अपनी बहन से मिलने का मौका नहीं मिलेगा।
वहीं पुलिस अभी तक राशिद को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बताया जा रहा है कि वारदात की रात को राशिद गांव में देखा गया था। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।