शाहजहांपुर। शहर के अंदरूनी हिस्से को लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले हथौड़ा चौराहा-पुत्तूलाल चौराहा मार्ग को चौड़ा बनाने के लिए डेढ़ साल पहले दोनो ओर खोदे गए फुटपाथ और एक ओर की डबल लेन अब तक नहीं बन सकी है। इसके बावजूद नगर निगम ने इसी मार्ग पर पुत्तूलाल चौराहा से लेकर मनोकरण मंदिर चौराहा तक रोड का बाकी बचा सही सलामत हिस्सा भी पानी की टंकी से पाइप लाइन जोड़ने के बहाने खोदवा डाला है।
अब हालत यह है कि शहर की ओर से रोजा मंडी जाने वाले वाहनों या फिर हरदोई से आने वाली बसों को मेजबान बाईपास तिराहा से निकले संकरे रास्ते से घूमकर निकलना पड़ रहा है। इस कारण मनोकरण मंदिर के पास जाम की समस्या बढ़ रही है।
राज्य योजना से इस मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री 12 करोड़ रुपये बजट स्वीकृत कर चुके हैं। बदायूं के ठेकेदार मेसर्स प्रदीप कुमार को यह मार्ग गत वर्ष जून तक बनाना था, लेकिन 2.75 किमी लंबे रास्ते पर अब तक न तो दोनों साइड के फुटपाथ बन सकेे हैं और न ही सड़क, जबकि इस मार्ग पर अतिक्रमण, बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर या फिर पेड़ जैसी बाधाएं भी नहीं है।
हथौड़ा चौराहा से रेती मोहल्ले की ओर बढ़ते ही गन्ना शोध परिषद के मुख्य द्वार के सामने से लेकर विष्णु वाटिका के आगे दमहा नाला की पुलिया तक सड़क की बाईं लेन अब तक अधूरी पड़ी है और उस पर कहीं भी बजरी-कोलतार लेपन का काम नहीं हुआ है।
यही नहीं, दमहा नाला की नवनिर्मित पुलिया की पूर्वी दिशा में बमुश्किल 100 मीटर लंबाई में मजदूर पक्का नाला बनाने मेें जुटे हैं, लेकिन पुलिया के पश्चिमी हिस्से में नाला का कहीं अता-पता नहीं है और पुलिया की दाईं लेन वाली एप्रोच रोड भी नहीं बन सकी है। वहां सड़क बनाने के लिए अभी मिट्टी भराव कार्य कराया जा रहा है, लेकिन बारिश होने की दशा में यह काम बार-बार रोकना पड़ रहा है। मनोकरण मंदिर के आगे चौराहे के पास पुत्तूलाल चौराहा मार्ग को स्लाइडिंग बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया है क्योंकि रेती में स्कूल के पास बनी पानी की नवनिर्मित टंकी से भूमिगत पाइप लाइन जोड़ने के लिए जेसीबी से सड़क के बीच जेसीबी से गहरी खाई खोदी गई है। क्षेत्रवासियों के अनुसार एक माह से नगर निगम ने यह रोड बंद कर रखी है, जबकि टंकी को पाइप लाइन से जोड़ने का काम एक सप्ताह में हो सकता था।
--
क्षेत्रवासियों की बात
रोड का पहले खोदा जा चुका हिस्सा पूरी तरह बन भी नहीं सका कि ठेकेदार ने बाकी बची रोड को भी जेसीबी से उखड़वाकर उसे चलने लायक नहीं रखा। एक माह से मुसीबत झेलनी पड़ रही है।
-आलोक दीक्षित, हांडा कॉलोनी
-----------
दमहा नाला तक दोनों ओर का रास्ता बनने के बाद ही रोड के बाकी हिस्से में काम शुरू कराया जाना चाहिए था। रोड बंद हो जाने से पुत्तूलाल चौराहा से हथौड़ा होकर शहर आना-जाना कठिन हो गया है।
-मनु मिश्रा, हांडा कालोनी
-----------
पुत्तूलाल चौराहा से शहर जाने के लिए सीधा रास्ता मिल रहा था, लेकिन उसे पूरी चौड़ाई में उखाड़ दिए जाने से अब उस पर पैदल चलना भी मुमकिन नहीं रहा। काम की धीमी रफ्तार दिक्कतें बढ़ा रही है।
-हाफिज अली, पुत्तूलाल चौराहा
-----------
पुत्तूलाल चौराहा से मनोकरण मंदिर चौराहा तक रोड चौड़ाई मेें आधी उखाड़ी जाती तो वाहन निकलते रहते। हथौड़ा चौराहा से रोड इसी तरह आधे हिस्से में बनती रही और लोगों का आना-जाना भी होता रहा।
-रेहान खां, पुत्तूलाल चौराहा
-
रेती में पानी की नवनिर्मित टंकी से पाइप लाइन जोड़ने के लिए जल निगम के अधिशासी अभियंता ने एक सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन इस काम में वक्त जरूरत से ज्यादा लग रहा है। इस वजह से सड़क निर्माण का कार्य भी रोकना पड़ा है। इस मार्ग के शेष हिस्सों में काम तेजी से कराया जा रहा है। जल निगम के एक्सईएन से बात करके पाइप लाइन जोड़ने का काम जल्द पूरा कराया जाएगा ताकि सड़क के बंद हिस्से को नया बनाकर उसे यातायात के लिए खोला जा सके।
-राजकुमार पिथौरिया, अधिशासी अभियंता, लोनिवि (प्रांतीय खंड)