पुवायां। बिजली लाइन का फाल्ट सही करने पोल पर चढ़े एक बिजली मिस्त्री की करंट लग जाने से मौत हो गई। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मिस्त्री उनके विभाग में काम नहीं करता था।
मंगलवार को घूरखेड़ा फीडर पर हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गया था। गांव पटई निवासी 35 वर्षीय जयसुख बिजली मिस्त्री है। परिवार के लोगों के अनुसार वह पुवायां के बिजली उप केंद्र पर प्राइवेट काम करता था। मंगलवार को गांव नगरिया प्रयागपुर में किसी की सूचना पर जयसुख लाइन फाल्ट सही करने गया था। पोल पर चढ़कर लाइन सही करते समय अचानक बिजली सप्लाई शुरू हो जाने से जयसुख करंट की चपेट में आ गए और पोल से नीचे आ गिरे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि परिवार के लोग किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जयसुख अपने पीछे पत्नी रजनी देवी, मां बिटोली देवी, पुत्री मुस्कान, गौरी, गंगा और पुत्र हर्षित को छोड़ गया है।
जयसुख बिजली विभाग में कार्यरत नहीं था। उसके लाइन फाल्ट सही करने के लिए जाने की जानकारी भी नहीं है। सूचना मिली है।
राकेश कुमार, जेई बिजली उप केंद्र पुवायां