फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तालिबानी हरकत मामले में लीपापोती, नहीं हुई कार्रवाई

विज्ञापन
विज्ञापन
तालिबानी हरकत मामले में लीपापोती
विज्ञापन

युवक को खंभे से बांधकर पीटने, बाल मुड़वाने का मामला
बर्बरता के आरोपियों की तलाश की बात कह रहे अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। चोरी का आरोप लगाते हुए युवक को सरेआम जिला अस्पताल गेट के सामने खंभे से बांध कर पीटने, भीषण गर्मी में गर्म पानी डालने और आधा सिर मुंडवाने के मामले में पुलिस लीपापोती करने में जुटी है। दूसरे दिन भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी। मामला सुर्खियां बनने के बाद अब कार्रवाई की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवक के साथ बर्बरता करने वाले होटल स्वामी समेत उसके साथियों की तलाश की जा रही है।
चौक कोतवाली के अजीजगंज चौकी इलाके में जिला अस्पताल गेट के सामने चाय का होटल चलाने वाले व्यक्ति ने रविवार दोपहर जलालाबाद के एक गांव के रहने वाले एक युवक को पकड़ लिया था। युवक पर होटल से रुपये चुराने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं उसे तालिबानी अंदाज में खुद ही सजा दे डाली। युवक को न सिर्फ खंभे से बांध कर पीटा गया, बल्कि सिर के आधे बाल मुंडवा दिए गए और भीषण गर्मी में युवक पर गरम पानी डालकर उसे प्रताड़ना दी गई। सूचना पर पहुंची चीता मोबाइल ने युवक को मुक्त कराया। उसे अजीजगंज चौकी लाया गया। बाद में होटल स्वामी को भी यहां बुला लिया गया। गर्दन बचाने के लिए अजीजगंज चौकी पुलिस ने आरोपी होटल स्वामी और पीड़ित से दबाव बनाकर लिखवा लिया कि वह कार्रवाई नहीं चाहते। महकमे के अधिकारियों को भी घटना की पूरी हकीकत नहीं बताई। सोमवार को पूरा मामला जानकारी में आने के बाद एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने कड़ा रुख अपनाया है। इसके बाद चौक कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
विज्ञापन

---------
... और पुलिस ने मुंडवा दिए सिर के बचे हुए बाल
बर्बरता का शिकार युवक से पुलिस चौकी पर तहरीर दिलवाने की जगह यह लिखवाया गया कि वह पूरे मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहता। इतना ही नहीं बर्बरता की हदें पार करने वाले होटल स्वामी से भी इसी तरह लिखवा लिया गया। मानवाधिकार हनन के इस मामले में चौक कोतवाली की अजीजगंज चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि चौकी पुलिस ने कार्रवाई करने के स्थान पर पीड़ित के सिर पर बचे बाकी बाल भी मुंडवा दिए। उसको एक गमछा दिया। चौकी इंचार्ज प्रदीप शेहरावत ने उसे घर जाने के लिए कुछ रुपये भी दिए। जिस मामले में सख्त कार्रवाई की जरूरत थी उसे पुलिस ने बहुत ही हलके ढंग से लेकर लीपापोती कर दी।
--------
टूटने लगी मानवाधिकार संगठनों की चुप्पी
शाहजहांपुर। युवक के साथ बर्बरता के मामले में मानवाधिकारों का दंभ भरने वाले संगठनों की चुप्पी टूटने लगी है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एसोसिएशन ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर मानवाधिकार आयोग के साथ केंद्र सरकार से शिकायत करने की बात कही है। एसोसिएशन के प्रदेश विधि सचिव डॉ. विजय बहादुर सिंह ने इस संबंध में एसपी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि इस प्रकरण में मानवाधिकारों के हनन की हदों को पार किया गया है। पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

अमर उजाला ने उजागर किया था बर्बरता का किस्सा
- सामाजिक सरोकारों को लेकर संजीदा अमर उजाला ने ही युवक के साथ बर्बरता की घटना को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। रविवार को हुई घटना सोमवार को अमर उजाला की सुर्खी बनी तो पुलिस मशीनरी हरकत में आ गई। बर्बरता का आरोपी होटल स्वामी होटल बंद करके भाग गया। सोमवार को एसपी डॉ. एस चन्नप्पा के निर्देश पर पुलिस उसकी तलाश करती रही।
विज्ञापन

--------
वर्जन-
पूरे मामले में जांच इंस्पेक्टर चौक कोतवाली को दी गई है। घटना गंभीर है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में लापरवाही करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
-डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें