शाहजहांपुर। कचहरी परिसर में सोमवार को एक वकील द्वारा अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या करने के बाद अन्य अधिवक्ताओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसके विरोध में बुधवार को वकील कार्य विरत रहेंगे। वकीलों का कहना था कि कचहरी के अंदर तमंचा लाया गया और पुलिस रोक नहीं सकी। इससे वकीलों में नाराजगी है और पुलिस के प्रति आक्रोश भी।
एसीजेएम कार्यालय में दिनदहाड़े वकील की हत्या किए जाने के विरोध में बुधवार को होने न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला लिया गया है। इसका समर्थन करते हैं और कोई कार्य नहीं करेंगे। - विनोद कुमार शुक्ला, अधिवक्ता
बार एसोसिएशन ने बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा की है। कार्य से विरत रहकर फैसले का समर्थन करेंगे। कचहरी के अंदर वकील की हत्या किया जाना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। - राजकरण गुप्ता, अधिवक्ता
कचहरी परिसर में अधिवक्ता की हत्या होना शासन, प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाता है। इससे अधिवक्ताओं में भय का माहैल है। अदालत परिसरों में सुरक्षा पुख्ता होनी चाहिए। - विनय मिश्रा, अध्यक्ष, तहसील बार एसोसिएशन, पुवायां
गोली मारकर अधिवक्ता की हत्या होना न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करता है। अब न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता भी सुरक्षित नहीं हैं। उच्च न्यायालय कठोर निर्णय ले। - केएन सिंह राठौर, अध्यक्ष, सिविल बार एसोसिएशन, पुवायां
अधिवक्ता की हत्या की घटना साबित करती है कि न्यायालय की सुरक्षा में तैनात पुलिस कितनी जिम्मेदारी से काम करती है। सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ ही समय समय पर समीक्षा करनी चाहिए। - सुधीर त्रिवेदी, अधिवक्ता तहसील बार संघ, पुवायां
अधिवक्ता की हत्या अत्यंत निंदनीय है। तमंचा न्यायालय परिसर में पहुंच गया और पुलिस को पता ही नहीं चल सका। पुलिसकर्मी सही तरह से ड्यूटी नहीं करते हैं, इसलिए ऐसी घटना होती हैं। - रामलड़ैते श्रीवास, अधिवक्ता, निवासी खुटार
अधिवक्ता की हत्या से सभी चिंतित हैं। यहां अधिवक्ताओं की सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए, लेकिन नहीं है। तिलहर तहसील में भी मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। - वेद प्रकाश सिंह एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष, अधिवक्ता संघ तिलहर।
अधिवक्ता की हत्या दुखद है। तिलहर तहसील में भी अधिवक्ताओं की सुरक्षा के प्रबंध होने चाहिए। शस्त्र लेकर लोग चले आते हैं। इस पर प्रतिबंध लगना चाहिए। मुंसिफ कोर्ट में भी सुरक्षा नहीं हैं। - पुनीत गर्ग, एडवोकेट, तिलहर।
वारदात के बाद सतर्क नजर आई पुलिस
सोमवार को हत्या की वारदात के बाद मंगलवार को पुलिस थोड़ी सतर्क नजर आई। कचहरी में प्रवेश के रास्तों पर बगैर चेकिंग के किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया। मेटल डिटेक्टर से सबकी जांच की गई। संदेह होने पर पूरे सामान की भी तलाशी ली गई। ज्ञात हो कि सोमवार को वकील सुरेश गुप्ता तमंचा और कारतूस जेब में रखकर ले गए थे और वकील भूपेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। लापरवाही पर एसपी एस. आनंद ने एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था।
सुधीर त्रिवेदी, अधिवक्ता तहसील बार संघ पुवायां- फोटो : POWAYAN
केएन सिंह राठौर, अध्यक्ष सिविल बार एसोसिएशन पुवायां- फोटो : POWAYAN
वेदप्रकाश।- फोटो : SHAHJAHANPUR
रामलड़ैते श्रीवास, अधिवक्ता, निवासी खुटार- फोटो : POWAYAN
विनोद कुमार शुक्ला, अधिवक्ता- फोटो : SHAHJAHANPUR
पुनीत गर्ग।- फोटो : SHAHJAHANPUR
राजनारायण गुप्ता, अधिवक्ता- फोटो : SHAHJAHANPUR