फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

27 विभाग मिलकर लगाएंगे जिले में 59 लाख पौधे

विज्ञापन
वन विभाग की शक्ति पौधशाला में तैयार खड़ी पौध । संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। वन विभाग ने जुलाई माह में होने वाले साप्ताहिक वन महोत्सव कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। इस बार वन विभाग समेत 27 विभागों को 59 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य दिया गया है। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग आदर्श कुमार ने बताया कि पौधों की खपत के लिए जनपद की सभी नर्सरियों में पौध तैयार कराई जा रही है। आम, अमरूद, अनार, नीबू, करौंदा, कटहल, महुआ, कैथा, गोल्ड मोहर, कनेर, केशिया, जंगल जलेबी, सहजन आदि समेत विविध प्रकार के पौधे नर्सरियों में उपलब्ध हैं। जून माह के अंत तक गड्ढा खुदान एवं शत प्रतिशत पौध तैयार कर ली जाएगी। इसके लिए अधीनस्थों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
विज्ञापन

तीन प्रकार के वन किए जाएंगे स्थापित
शक्ति वन: वन विभाग की ओर से कैंट इलाके में पांच हेक्टेयर भूमि में शक्ति वन स्थापित किया जाएगा। इसमें 55 सौ पौधे महिलाओं द्वारा लगवाए जाएंगे। यह योजना सरकार के मिशन शक्ति अभियान से संबंधित है।
अमृत वन: आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वन विभाग की जलालाबाद, खुटार, तिलहर, सिंधौली व सदर रेंज में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत अमृत वन की स्थापना की जाएगी। प्रत्येक वन में 75 प्रकार के 55 सौ पौधे रोपित किए जाएंगे।
विज्ञापन

अन्नपूर्णा वन: वन विभाग की जलालाबाद, खुटार, तिलहर, सिंधौली एवं सदर रेंज में एक-एक हेक्टेयर भूमि पर 12 सौ फलदार पौधों को लगाया जाएगा।
सभी ग्राम सभाओं में लगाया जाएगा अमृत महोत्सव उद्यान
15 अगस्त को प्रत्येक ग्राम सभा में अमृत महोत्सव उद्यान की स्थापना की जाएगी। इसमें 75 पौधे लगाए जाएंगे। इस उद्यान को एक पार्क के तरह विकसित किया जाएगा। ग्रामीण अंचलों में लोग इसमें आकर टहलना एवं व्यायाम कर सकें। ये उद्यान धर्मस्थलों तथा तालाबों के आसपास स्थापित किए जाने की योजना है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में लगाए जाएंगी सहजन की दो-दो पौध
डीएफओ आदर्श कुमार ने बताया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में सहजन की दो-दो पौध लगाई जाएंगी। सहजन का पौधा बेहद गुणकारी होता है। इसकी पत्ती, फूल एवं फली प्रत्येक चीज उपयोगी है। सहजन की फली कुपोषण को दूर करती है। यह बहुत तेजी से बढ़ता है।
वन महोत्सव की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। गड्ढों की खोदाई कराई जा चुकी है। पौध तैयार कराई जा रही है। प्रत्येक रेंज के स्टाफ को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। पौधरोपण के नए कार्य में समाजसेवी संस्थाएं या जो लोग प्रकृति संरक्षण की मुहिम में साथ देना चाहते हैं, वे संपर्क कर सकते हैं। -आदर्श कुमार, डीएफओ, शाहजहांपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें