आपूर्ति गड़बड़ाई, 36 घंटे बाद फिर गुल हुई 100 गांवों की बिजली
पूरी रात उमस भरी गर्मी में परेशान रहे उपभोक्ता, खलीलाबाद दक्षिणी क्षेत्र का हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था गड़बड़ाने लगी है। खलीलाबाद दक्षिणी क्षेत्र से जुुड़े करीब 100 गांवों की बिजली खराबी दूर होने के 36 घंटे के भीतर ही फिर बिजली गुल हो गई। इस कारण उपभोक्ताओं को मंगलवार पूरी रात उमस भरी गर्मी में अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
मगहर फीडर से जुड़े गांवों सहित खलीलाबाद के दक्षिणी क्षेत्र में रविवार की देर शाम से क्षेत्र के करीब 150 गांवों की बिजली लोकल फाल्ट के चलते गुल रही। सोमवार को सुबह करीब 11 बजे बिजली आई। मंगलवार रात करीब 11 बजे बिजली फिर गुल हो गई। इससे क्षेत्र के गड़सरपार, फेरूसा, निचौरा, सेमरी, बरईपास, सहसरावमाफी, नहसापार, केरमुआ माफी, चकदही, धरैची, दुबौली, पायलपार सहित करीब 100 गांवों में लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। बिजली न रहने से उपभोक्ताओं की नींद पूरी नहीं हो सकी। बुधवार को सुबह करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, इसके कुछ ही देर बाद रोस्टर की कटौती के कारण बिजली कट गई। शाम करीब चार बजे बिजली मिली। रामफल, संगम कुमार, प्रदीप कुमार आदि ने बताया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था बार-बार ध्वस्त हो जा रही है। ऐसे में विद्युत निगम को आपूर्ति सुचारू रूप से देने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए।
विद्युत वितरण निगम के अधिशाषी अभियंता आरके सिंह ने कहा कि लगातार हुई बारिश के कारण लोकल फाल्ट की समस्या आ रही है। इसे दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में कार्य योजना तैयार कर स्थाई निदान किया जाएगा।