संवाद न्यूज एजेंसी
रोसया। पीएम आवास में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बुधवार को ग्राम पंचायत गौवापार के ग्रामीणों ने ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया। विरोध व हंगामे के कारण ब्लॉक कार्यालय का कार्य साढ़े तीन घंटे ठप रहा। बीडीओ व एडीओ के समझाने-बुझाने पर लोग शांत हुए।
पौली ब्लॉक कार्यालय खुलते ही कर्मी अपने-अपने काउंटरों पर पहुंच कर कार्य करने बैठे, तभी गौवापार के लोगों ने ब्लॉक परिसर में पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। ये लोग पीएम आवास में अनियमितता का आरोप लगा रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों व कर्मियों के नोकझोंक होने लगी। देखते ही देखते कर्मी ब्लॉक परिसर छोड़ बाहर चले गए। ग्रामीणों का कहना है कि गौवापार में पीएम आवास में कुल 96 लाभार्थियों का चयन किया गया है। जिसमें 20 लाभार्थियों का 20 दिन पहले डोंगल लगने के बाद भी पैसा बैंक खाते में नही पहुंचा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ब्लॉक कर्मियों के लापरवाही के चलते डोंगल किसी के नाम तो पैसा किसी दूसरे के नाम भेज दिया जाता है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती है। सूचना पर मौके पर पहुंचे बीडीओ विजय कुमार पांडेय व एडीओ पंचायत गजानन पाल ने ग्रामीणों को समझाया-बुझाया। बीडीओ ने जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।