संभल के चंदौसी जीआरपी पुलिस के साथ पकड़ा गया फर्जी टीईटी।
- फोटो : CHANDAUSI
अलीगढ़-बरेली एक्सप्रेस में स्वयं को टीईटी बताकर वसूली कर रहे युवक को यात्रियों ने पकड़ लिया। यात्रियों को रुपये वापस दिलाने के बाद जीआरपी ने आरोपी को जेल भेज दिया।
जीआरपी थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर के बाद अलीगढ़-बरेली एक्सप्रेस अलीगढ़ से आ रही थी। बुलंदशहर से युवक सादे कपड़ों में ट्रेन में चढ़ा और स्वयं को टीईटी बताते हुए टिकट चेक करने लगा। जिन यात्रियों के पास टिकट नहीं थे, वह घबरा गए। आरोपी ने टिकट नहीं होने पर उन यात्रियों से वसूली की। आरोपी न तो टीईटी की ड्रेस पहने था और न ही कोई आई कार्ड अथवा बैच था। बहजोई के पाठकपुर निवासी विवेक कुमार भी बुलंदशहर की ओर से आ रहे थे। विवेक ने शक होने पर आरोपी युवक को यात्रियों की मदद से पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी। आईकार्ड व ड्रेस के बारे पूछने पर आरोपी घबरा गया।
उन्होंने ट्रेन के डिब्बे में तीन महिलाओं से वसूले गए रुपये वापस करा दिए। साथ ही आरोपी को राजघाट आने पर जीआरपी चौकी के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरजपाल निवासी गांव मेहुआ हसनगंज थाना रजपुरा बताया। राजघाट चौकी जीआरपी ने आरोपी को चंदौसी थाना जीआरपी के हवाले कर दिया। यहां जीआरपी ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। टीम में एसआई अंसार अहमद, कांस्टेबल राहुल कुमार, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।