गवां/रजपुरा। रजपुरा-बहजोई मार्ग पर गांव सेंडौरा के करीब ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में कर अस्पताल भेजा और परिजनों को सूचना दी। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर निवासी संजीव (20) पुत्र अजयपाल बुद्धवार की शाम साढ़े चार बजे करीब बाइक पर सवार होकर रजपुरा आ रहे थे। जैसे ही सेंडौरा के नजदीक पहुंचे तो सामने से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित परिजनों के अनुसार संजीव घरेलू सामान खरीदने के लिए रजपुरा की बाजार जा रहे थे। हादसे मे जान चली गई।
रजपुरा थाना इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर मिला ट्रैक्टर-ट्राली गांव सिंहदलपुर का बताया जा रहा है। चालक की तलाश की जा रही है। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।