चंदौसी। मुरादाबाद मार्ग स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के बदायूं चुंगी स्थित बसंत वाटिका निवासी राहुल (25) पुत्र रतन लाल की बुधवार की शाम बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक किसी काम से जा रहा था। जैसे ही पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा तो ट्रक की चपेट में आ गया। पीड़ित पिता ने बताया कि उनके बेटे की बदायूं चुंगी पर मोबाइल की दुकान थी। वह बुधवार की शाम साढ़े छह बजे किसी कार्य से रिलायंस पेट्रोल पंप के पास गया था। शाम को ब्लॉक बनियाखेड़ा के पास परिवहन विभाग की गाड़ी खड़ी थी।
परिवहन विभाग के कर्मचारी ने ट्रक को रोकने का इशारा किया तो चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान राहुल ट्रक की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले गए। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में बुधवार की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़ित पिता ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।