चंदौसी। रोडवेज बस स्टैंड से 86 बसों का संचालन होता है। इन बसों पर 232 चालक व परिचालक तैनात हैं। सभी को पहली डोज लग चुकी है, पर 20 प्रतिशत स्टाफ को अभी दूसरी डोज लगनी बाकी है। शासन से बूस्टर डोज लगवाने के आदेश आ गए हैं। बूस्टर डोज के बाद ही रोडवेज के चालक व परिचालकों को चुनाव में ड्यूटी पर भेजा जाएगा। मुरादाबाद रोडवेज पर कैंप लगाकर चालक व परिचालकों को वैक्सीन लगाने का कार्य किया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए मतदान से एक दिन पहले पोलिंग पार्टियों व पुलिस बल को वाहनों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। चुनाव में वाहनों की आवश्यकता होने पर प्रशासन ने उनका इंतजाम करना शुरू कर दिया है। रोडवेज बसों का भी अधिग्रहण किया जा रहा है। परिवहन निगम की बसें व अनुबंधित बसों के चालक व परिचालकों को भेजा जाएगा। शहर के रोडवेज बस स्टैंड से रोजाना निगम की 40 तथा अनुबंधित 46 बसों का संचालन होता है। जिसमें निगम व अनुबंधित को मिलाकर 232 चालक व परिचालक का स्टाफ तैनात है। 232 में चालक व परिचालकों को कोरोना से बचाव की पहली डोज सभी को लग चुकी है। जबकि 20 प्रतिशत चालक व परिचालक दूसरी डोज नहीं लग सकी है। अब परिवहन विभाग द्वारा रह चुके स्टाफ को दूसरी डोज लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। इसके बाद बूस्टर डोज लगाई जाएगी। जिन चालक व परिचालकों को बूस्टर डोज लगी होगी, वह चुनाव में रोडवेज बस लेकर जाएंगे।
जो निगम व अनुबंधित बसों के चालक व परिचालक कोरोना से बचाव की दूसरी डोज लगवाने से वंचित रह गए हैं। उन्हें मुरादाबाद रोडवेज पर शिविर लगाकर दूसरी डोज लगवाई जा रही है। इसके बाद बूस्टर डोज भी लगवाई जाएगी।
अनिल मिश्रा, रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी, चंदौसी