चंदौसी(संभल)। कोतवाली क्षेत्र के बहजोई रोड स्थित प्रथमा बैंक के बाहर दो युवकों ने महिला को बहला-फुसलाकर जेवर व नकदी ठग लिए। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
शनिवार की दोपहर विकास नगर निवासी महिला नीरू गोयल पत्नी प्रदीप कुमार गोयल बहजोई रोड स्थित प्रथमा बैंक में आई थीं। दोपहर करीब 1.45 बजे बैंक में कार्य निपटाने के बाद वह घर जा रही थीं। तभी दो युवकों ने महिला को रोक लिया और बातचीत करने लगे। इस बीच दोनों महिला को बहला-फुसलाकर प्रथमा बैंक से पचास मीटर दूर वी-मार्ट तक ले गए। इस दौरान युवकों ने महिला के हाथ से दो सोने की अंगूठी उतरवाकर अपने कब्जे में कर लीं। इसके बाद दोनों युवक महिला के पास से पर्स लेकर फरार हो गए। ठगी का एहसास होने पर महिला ने शोर मचाया, मगर तब तक युवक फरार हो गए थे।
महिला ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी पुत्र विमांशु गोयल व अन्य परिजनों को दी। इसके बाद महिला नीरू गोयल अपने पुत्र के साथ कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को तहरीर देकर मामले से अवगत कराया। पीड़ित महिला के पति प्रदीप कुमार गोयल मुरादाबाद में डीएम कार्यालय में सहायक भूलेख अधिकारी के पद पर तैनात हैं।