संभल। आजम खां पर दिए गए अपने बयान से सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क पलट गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़ मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है। आजम खां कौम के नेता हैं।
सोशल मीडिया पर सांसद डॉ. बर्क का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो कह रहे हैं कि आजम खां जैसे हजारों लोग जेल में बंद हैं। वह अपने मुकदमों में बंद हैं और उनके जेल में रहने से चुनाव का कोई ताल्लुक नहीं है। चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उनके इस बयान की राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा रही। वहीं शुक्रवार को सपा सांसद से जब इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जो वीडियो वायरल हो रहा है यह गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। पांच दिन पहले किसी ने वीडियो बनाया था। कहा कि मैंने कहा था कि आजम खां जैसे बेगुनाह हजारों लोग जेल में बंद हैं। उनको जेल में रखने का हवाला देकर भाजपा के नेता लोगों से वोट मांग रहे हैं। जबकि जनता समझ चुकी है और इस बहकावे में अब आने वाली नहीं है। इस बयान को काट कर पेश कर दिया। सांसद का कहना है कि आजम खां को लेकर वह ऐसा बयान क्यों देंगे। आजम खां कौम के नेता हैं और उन्होंने कौम के लिए काफी अच्छे काम किए हैं। सरकार ने उन्हें बेगुनाह होने पर भी जेल में भी रखा हुआ है।