दबिश के दौरान युवक की गोली लगने से मौत।
- फोटो : amar ujala
सहारनपुर में देवबंद के गांव थीतकी में पुलिस की दबिश के दौरान गोकशी के एक आरोपी की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि उसे खुद की ही गोली लगी, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस पर गोली मारने का आरोप लगाया है। मौत का सच जानने के लिए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
शनिवार देर रात गोकशी की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने थीतकी गांव के जंगल में छापा मारा। पुलिस को देख गोकशी कर रहे लोग वहां से भागने लगे। भागते समय जीशान (43) पुत्र मोहसिन को पैर में गोली लग गई। जीशान को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से करीब 250 किलो मांस और कटान के उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि चार लोग फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। वहीं, एसएसपी डा. एस चनप्पा का कहना है कि जीशान के पास तमंचा था। भागते समय गोली चल गई, जो कि उसके ही पैर में जा लगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में जीशान के परिजन चुप्पी साधे हुए हैं। ग्रामीणों ने दबी जुबान में पुलिस पर आरोप लगाए हैं।
पोस्टमार्टम की होगी वीडियोग्राफी
जीशान की मौत का सच जानने के लिए पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सकों का पैनल तैयार किया गया है। परिजनों की मांग पर अधिकारियों ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया है।