सहारनपुर। पुवांरका में बनने वाली स्टेट यूनिवर्सिटी के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। जमीन खरीदने के लिए शासन से करीब 19 करोड़ रुपया आवंटित हुआ है। कुल 50 एकड़ जमीन चाहिए, जिसमें से 49 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री की तैैयारी चल रही है।
प्रदेश सरकार ने बीते वर्ष यूनिवर्सिटी की स्वीकृति दी थी। पुवांरका में जगह फाइनल होने के बाद प्रशासन ने पुवांरका महाविद्यालय के आसपास की जमीन खरीदने के लिए किसानों से सहमति भी ले ली थी। इसके बाद जमीन खरीदने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जहां से मंजूरी मिल गई थी। मगर इसके बाद जगह को लेकर खींचतान शुरू हो गई। पहले पुवांरका से बदलकर चिलकाना रोड और उसके बाद दिल्ली रोड पर ले जाने की बात सामने आई। मगर बाद में फिर पुवांरका को ही फाइनल किया गया। वर्तमान में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी जमीन की रजिस्ट्री कराने में जुटे हुए हैं। इसी माह रजिस्ट्री हो जाने की बात कही गई है।
सीसीएस यूनिवर्सिटी कराएगी एडमिशन
सीसीएस यूनिवर्सिटी की वित्त समिति की बैठक 29 मई 2020 को हुई थी। इसमें सहारनपुर यूनिवर्सिटी के लिए सौ करोड़ रुपये देने की सहमति बनी थी। इतना ही नहीं, बैठक में यह भी निर्णय लिया था कि पहले सत्र में सीसीएस यूनिवर्सिटी ही सहारनपुर यूनिवर्सिटी को एडमिशन कराकर देगी।
यूनिवर्सिटी के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। कोशिश यही है कि इसी माह जितना जल्दी हो सके जमीन की रजिस्ट्री करा ली जाए। इसके लिए उच्चाधिकारियों से सलाह मशविरा किया जा रहा है। - राजीव गुप्ता, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी।
यूनिवर्सिटी के लिए 50 एकड़ जमीन चाहिए। करीब 49 एकड़ जमीन मिल चुकी है, जिसकी रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही जमीन की रजिस्ट्री हो जाएगी। शासन और प्रशासन की यही कोशिश है कि इस सत्र से कक्षाएं शुरू करा दी जाएं। -- धीरेंद्र वर्मा, रजिस्ट्रार, सहारनपुर यूनिवर्सिटी।