सहारनपुर। माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी लोकतंत्र की मजबूती के लिए काम करेंगे। इसके लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में ईएलसी (इलेेक्टारियल लिटरेसी क्लब) और वोटर अवेयरनैस फोरम का गठन होगा। इसमें शामिल विद्यार्थी 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों का वोट बनवाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त ने बताया सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों को नामित करते हुए उनके साथ ईएलसी और वोटर अवेयरनैस फोरम का गठन होगा। माध्यमिक विद्यालय स्तर पर कक्षा नौ से 12 में अध्ययनरत कम से कम पांच-पांच विद्यार्थियों तथा महाविद्यालयों में कम से कम दस-दस विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। इस संबंध में सभी माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों को पत्र जारी किया जा चुका है। रवि दत्त ने बताया विधान सभा निर्वाचन नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान सात, 13, 21 और 28 नवंबर को प्रत्येक मतदान केंद्र पर चलेगा, जो पहले से प्रस्तावित है। ईएलसी और वोटर अवेयरनैस फोरम के सदस्यों के द्वारा एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवक और युवतियों को प्रेरित कर मतदाता सूची में पंजीकरण कराया जाएगा। इस कार्य में लापरवाही के बाद संबंधित अधिकारी और शिक्षक जिम्मेदार होंगे।
ऐप डाउन लोड करेंगे शिक्षक
माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वोटर हेल्प लाइन ऐप डाउन लोड करना होगा। साथ ही ईएलसी के गठन के बाद प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो बार उक्त क्लब के सदस्यों की बैठक भी करनी होगी।