सहारनपुर। थाने में पुलिस हिरासत में युवकों की पिटाई के वायरल हुए वीडियो का मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में पहुंच गया है। पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की ओर से की गई शिकायत पर मानवाधिकार आयोग ने शिकायत को दर्ज कर लिया है।
गत दस जून को जुमे की नमाज के बाद सहारनपुर में हुए बवाल के बाद पुलिस ने काफी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके एक दिन बाद ही थाने में युवकों की पुलिस हिरासत में बर्बरतापूर्ण पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे सहारनपुर का बताया गया। देवरिया के सदर विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने अपने ट्वीटर एकाउंट इस वीडियो को शेयर किया था। हालांकि पुलिस अफसरों ने इसे सहारनपुर का होने से स्पष्ट इंकार किया। इस वीडियो को लेकर पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में इसकी शिकायत की। जिसमें कहा गया कि वीडियो में पुलिस वाले थाने में कुछ युवकों की निर्ममतापूर्वक पिटाई कर रहे हैं, जो मानवाधिकार का उल्लंघन है। शिकायत में इसकी जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इस शिकायत को मानवाधिकार आयोग ने दर्ज कर लिया है।
एसएसपी ने जांच बैठाई
सहारनपुर। थाने में युवकों की पिटाई के वायरल वीडियो के मामला चर्चाओं में आने पर एसएसपी ने इसकी जांच बैठा दी है। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए पिटाई के वीडियो की जांच के आदेश एसपी सिटी राजेश कुमार को दिए गए है। उन्हें जल्द इसकी जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए है।