सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार ने कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। भाकियू किसानों की उपेक्षा को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य भु्गतान तत्काल कराया जाए। उन्होंने किसानों से लखनऊ में होने वाली किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में भागेदारी करने का आह्वान किया।
बृहस्पतिवार को खनन अनुभाग ग्राउंड में आयोजित मासिक बैठक में भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने से किसानों की आर्थिक हालत बदहाल हो गए हैं। इसलिए सरकार तत्काल बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान मय ब्याज के कराए। बैठक के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने नागल के गांव खटोली से मीरपुर फाटक तक किसानों के खेतों पर आने जाने के लिए रेल पटरी के साथ साथ चक मार्ग छुड़वाने की मांग की। उन्होंने सधारणसिर गांव के पास रेलवे लाइन क्रॉसिंग के लिए अंडरपास का निर्माण कराने, गांव साखन कलां में रेल पटरी पर ओवरब्रिज का निर्माण कराने, लखनौती से मानपुर तक सड़क की मरम्मत कराने और मीरपुर ओवरब्रिज में गई किसान की भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पडे़ चकमार्गों की पैमाइश कराकर उन्हें पक्का कराया जाए। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश सचिव चौधरी चरण सिंह, संजय चौधरी, चौधरी अशोक कुमार, अरुण राणा, नरेश स्वामी, रघुवीर सिंह, सैयद जायर हुसैन आदि ने भी विचार रखे।