सहारनपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की शोभायात्रा निकालने की अनुमति दिए जाने की मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेतृत्व में ग्राम चालाकपुर के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने अनुमति नहीं मिलने पर गांव से पलायन करने की चेतावनी भी दी। उप जिलाधिकारी सदर किंशुक श्रीवास्तव के 20 मार्च तक समस्या का निस्तारण कराने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।
सोमवार को थाना चिलकाना के गांव चालाकपुर के अनुसूचित जाति के ग्रामीण नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद संत शिरोमणि गुरु रविदास की शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं मिलने से अनुसूचित जाति के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। इसके बाद उन्होंने उप जिलाधिकारी किंशुक श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा और अपनी बात रखी। उप जिलाधिकारी सदर ने कहा कि पहले से जिस रास्ते से शोभायात्रा निकाली जा रही है उस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। इस पर भीम आर्मी से जुडे़ कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कहा कि यह रास्ता बेहद संकरा है। इसलिए वैकल्पिक रास्ते से शोभायात्रा निकालने की अनुमति दी जाए। इसके बाद ग्रामीणों के साथ हुई वार्ता में उप जिलाधिकारी सदर ने भरोसा दिलाया कि 20 मार्च तक शोभायात्रा के रूट संबंधी विवाद का निस्तारण करा दिया जाएगा। इस दौरान सचिन खुराना, सचिन गौतम, आशुतोष रमन, मधु सहगल, रजनी नौटियाल, मुकेश कश्यप, सुमित कश्यप, सोनू सिंह, आकाश, पदम, ताराचंद, सुरेंद्र, मेघनाथ, संजय, मामराज, सुधा, संगीता, अनीता, उर्मिला, सरिता, ममता, दीपक, विक्रम सिंह, पप्पू, कलीराम, अर्जुन, पिंटू आदि मौजूद रहे।