सहारनपुर। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कहा कि जनपद का विकास बिना उद्योग के संभव नहीं है। उन्होंने जनपद के औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार से पूर्ण सहयोग की उम्मीद जताई है।
दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज की बैठक हुई। अध्यक्ष रविन्द्र मिगलानी ने कहा कि मां शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय में वुड कार्विंग एवं होजरी के लिए टेक्निकल कोर्स होने चाहिए। जिससे कि जब विद्यार्थी वहां से पढ़कर निकले, तो उसके पास वर्ल्ड क्लास एडवांस मशीनरी की तकनीकी जानकारी हो।
मुख्य अतिथि विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि जनपद के औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार के माध्यम से औद्योगिक समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। विशिष्ट अतिथि मां शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एचएस सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में ऐसे कोर्स संचालित किए जाएंगे जिससे यहां पढ़ने वाला विद्यार्थी न केवल स्वरोजगार स्थापित करे बल्कि बेरोजगारों को भी रोजगार देने वाला बने। उद्योग उपायुक्त सिद्धार्थ यादव, प्रदेश अध्यक्ष गुलशन नागपाल, महासचिव मंजीत सिंह अरोड़ा आदि ने भी विचार रखे। संचालन संदीप शर्मा ने किया। इस दौरान सहारनपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव कुमार गौड़, आर्किटेक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह बजाज एवं सचिव अमरनाथ सिंह, टैक्सेशन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार वर्मा, बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र गुंबर, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अनुपम गुप्ता, डॉ. प्रवीण सिंह आदि को सम्मानित किया गया।