सहारनपुर। दशलक्षण पर्व पर शहर में सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग को लेकर पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह से मिला। नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बुलवाकर निर्देशित किया। साथ ही मुख्य पर्वों पर रंगोली भी बनाने के निर्देश दिए।
पार्षद मनोज जैन, मान सिंह जैन, मुकेश गक्खड़ और पार्षद प्रतिनिधि नितिन सिंघल बुधवार को नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह से मिले। उन्होंने ज्ञापन देकर दशलक्षण पर्व पर महानगर के जैन मंदिर जैन बाग, जैन मंदिर मोहल्ला संगियान, जैन मंदिर बड़तला यादगार, जैन मंदिर आवास विकास, जैन मंदिर चंद्रनगर सहित सभी 23 जैन मंदिरों के क्षेत्र में विशेष सफाई, चूना, मेलाथियान व पानी के छिड़काव की मांग की।
पार्षदों ने नगरायुक्त को बताया जैन समाज के धार्मिक पर्यूषण पर्व 10 से 19 सितंबर तक चलेंगे। इन संयमी दिनों में जैन समाज के लोग बडे़ भक्ति भाव से जैन मंदिरों में पूजा अर्चना और दर्शन के लिए नंगे पांव पैदल जाते हैं। इसके अलावा रात्रि में भी मंदिरों में धार्मिक आयोजन होते हैं। इसलिए इन क्षेत्रों में सफाई व पथ प्रकाश की व्यवस्था दुरुस्त कराना जरूरी है। पार्षद मनोज जैन ने बताया 16 सितंबर को धूप दशमी और 19 सितंबर को कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो जैन बाग मंदिर से शुरू होकर रायवाला हलवाई हट्टा से होते मोहल्ला संगियान स्थित जैन मंदिर पर पहुंचेगी। अनंत चतुर्दशी मुख्य पर्व है। इस दिन जैन समाज के सभी भाई-बहन किसी भी प्रकार की हिंसा न हो, ऐसी प्रार्थना भगवान से करते हैं। इस दिन महानगर में सभी मीट की दुकानें भी बंद रहती हैं। नगरायुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन व मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर को पार्षदों के ज्ञापन के अनुरूप व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।