सहारनपुर। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मिड-डे मील तैयार करने वाली रसोई माताओं के बीच आज पाक कला प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता कराने का मकसद रसोई माताओं की पाक कला में सुधार लाकर विद्यालयों में तैयार किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
जनपद में 1438 परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इनमें करीब 47 विद्यालय शहरी क्षेत्र में हैं, जिनमें एनजीओ के माध्यम से तैैयार भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जबकि शेष सभी विद्यालय देहात क्षेत्र में हैं, जिनमें रसोई माता भोजन तैयार करती है। तैयार किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता अच्छी रहे। इसके लिए विभाग रसोई माताओं के बीच पाक कला प्रतियोगिता करा रहा है, जो आज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए जिले भर की अलग-अलग ब्लॉकों की 30 रसोई माताओं का चयन किया गया है। इनमें साढ़ौली कदीम से पिंकी देवी और आब्दा, सरसावा से मंतलेश, बोहती देवी, मोहिनी, संतोष, जुबैदा, कविता, अनीता देवी और बती, पुवांरका से अमरेश, बबीता, कविता, शर्मिला, नानौता से अनीता देवी और शिक्षा देवी, देवबंद से बबली देवी और कुसुम, रामपुर मनिहारान से शशि और अनीसा, मुजफ्फराबाद से मखमल, कुसुम शर्मा, नगर गंगोह से रेखा और सुशीला देवी, बलियाखेड़ी से शिक्षा और जौहरा, नकुड़ से आरती और ज्योति तथा नागल से भावना शर्मा और सुमन देवी शामिल हैं। रसोई माताओं को कड़छी, चिमटा, बेलन, चकला, चाकू, कुकर आदि सामान लेकर पहुंचना होगा। भोजन बनाने की सामग्री विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।