साढौली कदीम/छुटमलपुर (सहारनपुर)। धान क्रय केंद्र पर तौल न होने से किसान चक्कर काट रहे हैं। किसानों का कहना है कि केंद्र प्रभारी तौल कराने के बारे में उन्हें कोई निश्चित समय नहीं बता रहे हैं।
विकास खंड साढ़ौली कदीम में खाद्य विपणन विभाग के गोदाम गंदेवड़ पर मात्र एक धान क्रय केंद्र का संचालित है। किसान सुरेन्द्र सिंह, योगेन्द्र सिंह, सुखपाल, मेघराज सिंह, रवि कुमार, अनिल कुमार, बिशंबर सिंह, प्रेमपाल, अफजाल पोसवाल, माजिद, इसरान आदि का कहना है धान खरीद केंद्र पर प्रभारी द्वारा सप्ताह में मात्र एक या दो दिन ही नाममात्र को तौल कराया जाता है। अधिकतर किसानों को केंद्र प्रभारी द्वारा फसल बेचने के लिए टोकन तक जारी नहीं किए जा रहे हैं। टोकन लेने के लिए भी किसानों को विभागीय कर्मियों से बातचीत करनी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि केंद्र प्रभारी लंबे समय से कोई न कोई बहाना बनाकर उन्हें टरका रहे हैं। उधर, केन्द्र प्रभारी अनुराधा मिश्रा का कहना है कि केंद्र पर धान तौल कराने के लिए बारदाना नहीं है। बारदाना आने पर ही तौल संभव होगी।
साधन सहकारी समिति हलवाना के कमालपुर स्थित तौल केंद्र से जुड़े किसान अमरनाथ ने मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी को शिकायत करते हुए बताया कि वह 15 दिन से क्रय केंद्र के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी तौल नहीं हो पा रही है। उधर, केंद्र प्रभारी मुस्तकीम ने बताया कि चार दिन से बारदाना खत्म था। मंगलवार को ही बारदाना आया है और उन्होंने 33 क्विंटल खरीद भी की है। उनका कहना है कि उन्होंने 5500 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 6368 क्विंटल धान की खरीद अब तक की है।