शाहबाद। नगर में छह नए डेंगू आशंकित सामने आए हैं। सभी की रैपिड किट जांच में पुष्टि हुई है। इसमें से तीन मरीज सीएचसी में भर्ती हुए हैं। वहीं तीन मरीज निजी चिकित्सकों से उपचार करा रहे हैं। नगर व क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।
रवाना गांव निवासी जेबा (22 वर्ष), नगर के फर्राशान निवासी महबूब (50 वर्ष) और महुनागर गांव निवासी दीपांशु (15 वर्ष) का एनएस-1 पॉजिटिव आया है। सभी को एलाइजा टेस्ट कराने के लिए रामपुर भेज दिया है। दूसरी ओर नगर की नई बस्ती निवासी मयंक (13 वर्ष), कृष्णा (6 वर्ष) और मस्जिद काजी निवासी साजिदा (60 वर्ष) का डेंगू पॉजिटिव आया है। इन तीनों का उपचार निजी चिकित्सकों के यहां चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नगर के सीएचसी में रोजाना 20 से 25 डेंगू आशंकित मरीजों का टेस्ट कराने के लिए रामपुर भेजा जा रहा है।
- हमारे यहां तीन मरीज भर्ती हैं, जिनका एनएस-1 पॉजिटिव आया है और उनका कंफर्म करने के लिए एलाइजा जांच के लिए रामपुर भेज दिया है। हमारे यहां रोजाना 20-25 मरीज डेंगू आशंकित आ रहे हैं, जिन्हें हम टेस्ट कराने रामपुर भेज रहे हैं।
- डॉ. केके चहल, वरिष्ठ चिकित्सक, सीएचसी, शाहबाद
स्वास्थ्य विभाग ने 54 लोगों की बनाईं स्लाइडें
मिलक। कोतवाली क्षेत्र के खानपुर जदीद में डेंगू आशंकित कांशीराम की शुक्रवार को मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को गांव पहुंची। टीम ने मलेरिया और डेंगू आशंकित समेत 54 लोगों की स्लाइडें बनाईं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा के प्रभारी डॉ. मोहित रस्तोगी ने बताया कि सोमवार को खानपुर जदीद में बनाई गईं स्लाइडों में कोई आशंकित नहीं मिला है। संवाद
शाहबाद सीएचसी में भर्ती बुखार पीड़ित। संवाद- फोटो : RAMPUR