रामपुर। जिले में पांच दिनों तक यानि रविवार तक रोजाना बारिश के आसार हैं। हालांकि इन दिनों में हल्की बारिश और कहीं-कहीं बारिश होने के ही आसार हैं। जबकि सोमवार से मौसम साफ होने की संभावना है। वहीं बुधवार शाम को शहर समेत तहसील इलाकों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
पिछले करीब चार दिन से मौसम में गर्मी और उमस काफी बढ़ गई थी। पूूर्वी उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों काफी बारिश हुई थी लेकिन, उस वक्त भी रामपुर में अधिक बारिश नहीं हुई। जिससे मौसम में उमस व गर्मी काफी बढ़ गई। बुधवार दोपहर से मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में बादल छाने शुरू हो गए। इसके बाद शाम के वक्त मिलक, टांडा क्षेत्र के साथ ही रामपुर शहर में भी कुछ देर बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी व उमस से मामूली राहत मिली। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बृहस्पतिवार से रविवार तक जिले में रोजाना बारिश के आसार हैं, हालांकि बारिश की प्रबल संभावना नहीं है। ऐसे में जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है तो कहीं तेज बारिश भी हो सकती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।