रामपुर। निर्माणाधीन मकान में सरिया बांध रहे मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक बिलासपुर के पास मजदूरी करने के लिए गया था और हादसे का शिकार हो गया। मजदूर की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र निवासी युवक विनेश (32) मजदूरी का कार्य करता था। शुक्रवार की सुबह युवक मजदूरी के लिए बिलासपुर गया था। निर्माणाधीन मकान के लिंटर में सरिया बांधते समय विनेश करंट की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह युवक को बिजली के तारों से निकाला। बेहोशी की हालत में युवक को बचाने की कोशिश शुरू हो गई। रेत में दबाने के बाद आराम नहीं मिलने पर साथी युवक को लेकर अस्पताल पहुंच गए। लेकिन डॉक्टरों ने विनेश कोको मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन कुछ देर के अंदर ही घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव घर ले आए।